उत्तर प्रदेश में 24 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, कुंवर अनुपम सिंह बने जौनपुर के नए एसपी

*उत्तर प्रदेश में 24 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, कुंवर अनुपम सिंह बने जौनपुर के नए एसपी*

********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर: —

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने बुधवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 24 आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इसी क्रम में सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह को जौनपुर का नया पुलिस कप्तान नियुक्त किया गया है। वहीं, जौनपुर के मौजूदा पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ को गोरखपुर का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बनाया गया है।

 

2013 बैच के आईपीएस अधिकारी कुंवर अनुपम सिंह इससे पहले सुल्तानपुर और अमरोहा जैसे महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस अधीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वे मूल रूप से प्रयागराज जनपद के निवासी हैं। उनका पारिवारिक पृष्ठभूमि सामान्य रही है। उनके पिता राधेश्याम जल संस्थान में कार्यरत थे, जबकि माता शीलादेवी अस्पताल में नर्स के पद पर तैनात थीं।

 

कुंवर अनुपम सिंह ने स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त करने के बाद कंप्यूटर साइंस (इन्फॉर्मेशन फाइबर ऑप्टिक्स) में सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। निजी क्षेत्र में करियर की संभावनाओं के बावजूद उन्होंने सिविल सेवा को अपने जीवन का लक्ष्य चुना।

 

उन्होंने वर्ष 2011 में पहली बार सिविल सेवा परीक्षा दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद दिल्ली में कोचिंग लेकर 2012 में प्री और मेंस परीक्षा उत्तीर्ण की और आईपीएस के लिए चयनित हुए।

 

प्रशिक्षण के दौरान हैदराबाद में वॉलीबॉल खेलते समय उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया था, जिसके चलते उन्हें करीब एक माह तक बिस्तर पर रहना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने प्रशिक्षण पूरा किया। ट्रेनिंग के बाद उनकी पहली तैनाती मथुरा में सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के रूप में हुई।

 

मथुरा में कार्यभार संभालने के महज तीन महीने बाद 2 जून 2016 को चर्चित जवाहरबाग कांड हुआ, जिसमें कुंवर अनुपम सिंह भी ऑपरेशन का हिस्सा रहे। अब जौनपुर जैसे संवेदनशील जनपद की कमान संभालने के बाद उनसे कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की अपेक्षा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *