*जौनपुर को मिलेगा चार-लेन वेस्टर्न बाईपास*
*944.19 करोड़ की परियोजना को मंजूरी*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। जिले के लिए बड़ी सौगात के रूप में 12.2 किलोमीटर लंबाई वाले चार-लेन वेस्टर्न बाईपास के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना पर कुल 944.19 करोड़ रुपये की लागत आएगी। बाईपास के दोनों ओर सर्विस रोड/स्लिप रोड का भी निर्माण किया जाएगा।
इसकी आधिकारिक जानकारी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार रात सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि यह परियोजना जौनपुर के क्षेत्रीय सड़क नेटवर्क में अधूरे लिंक को पूरा करते हुए एक सतत रिंग रोड का स्वरूप प्रदान करेगी।
वेस्टर्न बाईपास पश्चिम दिशा में राष्ट्रीय राजमार्ग-731 और उत्तर दिशा में राष्ट्रीय राजमार्ग-135ए के बीच बिना किसी रुकावट के कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगा। साथ ही यह राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर स्थित मौजूदा जौनपुर बाईपास और राष्ट्रीय राजमार्ग-31, राष्ट्रीय राजमार्ग-135ए, राष्ट्रीय राजमार्ग-128ए एवं राष्ट्रीय राजमार्ग-731 को जोड़ने वाले प्रस्तावित बाईपास के साथ इंटीग्रेट होगा।
परियोजना के पूरा होने से क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा और जौनपुर शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होगा। इससे न केवल यात्रा सुगम होगी, बल्कि समय और ईंधन की भी बचत होगी।
