*भाभी-ननद ने रचा इतिहास: एक बनी कमर्शियल टैक्स ऑफिसर, दूसरी डिप्टी एसपी*
********************
*संवाद माता चरण पांडे*
जौनपुर। सुजानगंज क्षेत्र के बर्जी कला गांव निवासी अखिलेश कुमार शुक्ल के परिवार ने एक साथ दो बड़ी उपलब्धियां हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। परिवार की पुत्रवधू श्रेया शर्मा और बेटी आकृति शुक्ला ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC), प्रयागराज की परीक्षा में सफलता प्राप्त की है।
श्रेया शर्मा, जो अमित शुक्ला की पत्नी हैं, पूर्व में बेंगलुरु स्थित पीएजी कार्यालय में ऑडिटर के पद पर कार्यरत थीं। उन्होंने परीक्षा में सफलता हासिल कर कमर्शियल टैक्स ऑफिसर का पद प्राप्त किया है। वहीं उनकी ननद आकृति शुक्ला ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए डिप्टी एसपी का पद हासिल किया है।
भाभी और ननद की इस दोहरी सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने भी इसे गर्व का क्षण बताया है।
उल्लेखनीय है कि यह परिवार पहले से ही सरकारी सेवाओं में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। अखिलेश कुमार शुक्ल स्वयं सीडीएस पेंशन, प्रयागराज से सीनियर ऑडिटर पद से सेवानिवृत्त हैं। वहीं परिवार के बड़े सदस्य शेषधर शुक्ला अपर श्रमायुक्त के पद से और के.के. शुक्ला एआईटी पंजीयन विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
नई पीढ़ी की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में उत्साह और गर्व का माहौल है।
