फूलचंद पासवान हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

*फूलचंद पासवान हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार*

प्रेम शर्मा

जौनपुर: थाना खुटहन क्षेत्र के ग्राम पनौली में हुए बहुचर्चित हत्याकांड का पुलिस ने सफल अनावरण कर लिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि फूलचंद उर्फ सेवाराम पासवान की हत्या चुनावी रंजिश के चलते की गई थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल, मृतक का मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 26 दिसंबर 2025 को ग्राम पनौली निवासी फूलचंद उर्फ सेवाराम पासवान (उम्र लगभग 60 वर्ष) की अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी थी। मृतक सड़क किनारे यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करते थे। घटना के वक्त दुकान में काफी मात्रा में नकदी मौजूद थी। हत्या के बाद उनका शव सड़क किनारे छोड़ दिया गया था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के पुत्र की तहरीर पर थाना खुटहन में मुकदमा संख्या 382/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया।

पुलिस विवेचना में सामने आया कि हत्या के पीछे चुनावी रंजिश प्रमुख कारण थी। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त राजेश यादव ने बताया कि वह वर्ष 2005 में ग्राम प्रधान का चुनाव हार गया था, जबकि मृतक फूलचंद पासवान वर्ष 2015 में प्रधान निर्वाचित हुए थे। तभी से दोनों के बीच राजनीतिक और व्यक्तिगत द्वेष चला आ रहा था। वर्ष 2025 के पंचायत चुनाव में भी फूलचंद पासवान की सक्रिय भूमिका से नाराज होकर आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।

पुलिस ने राजेश यादव और उसके सहयोगी अंकित गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर एक ईंट का टुकड़ा (आला कत्ल), मृतक का मोबाइल फोन, सिम कार्ड, दुकान की चाबी तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।

गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफलता में थाना खुटहन पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *