*अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत*
*शिनाख्त में जुटी पुलिस*
*********************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
बदलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत प्राणपट्टी स्थित प्राथमिक विद्यालय के सामने आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने देखा कि बाइक सवार व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान समाचार संकलन तक नहीं हो सकी थी। पुलिस को मृतक के पास से एक डायरी मिली है, जिसमें चीनी मिल का पता दर्ज होने की बात सामने आई है। इसी आधार पर पुलिस मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश के साथ-साथ मृतक की शिनाख्त के लिए जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि पहचान होते ही परिजनों को सूचना दी जाएगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
