*हरसिंग पट्टी में श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन भक्त हुए भावविभोर*

*हरसिंग पट्टी में श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन भक्त हुए भावविभोर*

*भगवान को छप्पन भोग नहीं, प्रेम से लगाया गया साग का भोग होता है प्रिय*

*************************

*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*

 

सिंगरामऊ। क्षेत्र के जमऊपट्टी ग्राम पंचायत अंतर्गत राजस्व ग्राम हरसिंग पट्टी में चल रही श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के दूसरे दिन कथा व्यास पुष्कर महाराज ने अपनी अमृतमयी वाणी से श्रोताओं को अध्यात्म रस में डुबो दिया। मुख्य यजमान दिलीप कुमार साहू के आवास पर चल रही इस कथा में श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कथा व्यास पुष्कर महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान दुर्योधन के छप्पन भोग को त्यागकर विदुर काका के प्रेम से लगाए गए साग के भोग को सर्वश्रेष्ठ मानते हैं। प्रेम और भक्ति के साथ किया गया अर्पण ही भगवान को सबसे प्रिय होता है।

महाराज ने भागवत के प्रसंगों — भीष्म उद्धार, उत्तरा के गर्भ में पल रहे परीक्षित की रक्षा, परीक्षित को दिया गया श्राप, तथा सुकदेवजी के आगमन — का मनोहर वर्णन किया। इन प्रसंगों को सुनकर श्रद्धालु भक्त भावविभोर हो उठे।

 

उन्होंने कहा कि सत्संग और कथा श्रवण ही वह माध्यम है जिससे मनुष्य मोह-माया से मुक्त होकर भगवान की शरण में पहुंच सकता है, अतः प्रत्येक व्यक्ति को कथा श्रवण अवश्य करना चाहिए।

 

कथा के दौरान प्रदर्शित की गई झांकियां भी अत्यंत मनमोहक रहीं, जिन पर श्रद्धालुओं की आंखें ठहर गईं। इस अवसर पर रामअचल पांडेय, ग्राम रोजगार सेवक विद्याकांत शुक्ला, ओमप्रकाश गुप्ता, राकेश, सोमनाथ विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीयजन व ग्रामीण महिलाएं-पुरुष उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *