*पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि*
*शहीद दुर्गेश कुमार सिंह की स्मृति में ‘शहीद दुर्गेश पार्क’ का उद्घाटन*
*********************अरुण कुमार जायसवाल
(जिला ब्यूरो)
जौनपुर। पुलिस लाइन में मंगलवार को पुलिस स्मृति दिवस समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें ड्यूटी के दौरान वीरगति प्राप्त पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर शहीद मुख्य आरक्षी दुर्गेश कुमार सिंह की स्मृति में निर्मित ‘शहीद दुर्गेश पार्क’ का भी विधिवत उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम में जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति रही। पार्क का उद्घाटन शहीद दुर्गेश कुमार सिंह के माता-पिता — श्रीमती उर्मिला सिंह और श्री दीनानाथ सिंह — ने संयुक्त रूप से किया।
इस मौके पर जौनपुर के पुलिस अधीक्षक ने शहीद दुर्गेश कुमार सिंह को नमन करते हुए कहा कि उनका अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान पुलिस विभाग के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि शहीदों के प्रति सम्मान प्रकट करना न केवल हमारी जिम्मेदारी है, बल्कि यह भावी पीढ़ी को भी कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है।
गौरतलब है कि मुख्य आरक्षी दुर्गेश कुमार सिंह 17 मई 2025 को थाना चंदवक क्षेत्र के खुज्झी मोड़ पर गो-तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान शहीद हो गए थे। वाहनों की चेकिंग के दौरान गो-तस्करों ने पुलिस टीम को कुचलने के उद्देश्य से तेज रफ्तार पिकअप वाहन पुलिस बल पर चढ़ा दिया था। घटना में गंभीर रूप से घायल दुर्गेश कुमार सिंह को उपचार हेतु वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
समारोह में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहीद दुर्गेश कुमार सिंह जैसे जवानों का बलिदान सदैव याद रखा जाएगा। उनका नाम जौनपुर पुलिस इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा।
