*प्रतापगढ़ पुलिस और स्पेशल टीम की हुई मुठभेड़ एक बदमाश के पैर में लगी गोली। ज्वैलरी लूट कांड में थे शामिल अभियुक्त*
*थाना संग्रामगढ़ के अंतर्गत अस्थवा मीरपुर में हुई मुठभेड़ दो अभियुक्त गिरफ्तार*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में हुई 12 लाख की ज्वेलरी लूट का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। दो अलग-अलग मुठभेड़ों के बाद पांचों आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। इनमें से दो आरोपियों के पैर में गोली लगी है।सोमवार रात अस्थवा-मीरपुर रोड पर संग्रामगढ़ पुलिस और स्वाट टीम की मुठभेड़ में सूर्यभान पटेल घायल हुआ। अंकित सोनी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पहले 31 जुलाई को तीन आरोपी पकड़े गए थे।
पहली मुठभेड़ 31 जुलाई की रात नेवादा नहर के पास हुई थी। इसमें नीरज पासी उर्फ कुलदीप भारतीय के पैर में गोली लगी थी। उसके साथी संजीव कुमार उर्फ तूफानी और अभिषेक सोनी उर्फ छोटे को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। तीनों आरोपी प्रयागराज के फाफामऊ क्षेत्र के रहने वाले हैं।
4 अगस्त की रात पुलिस को सूचना मिली कि दो आरोपी अस्थवा-मीरपुर रोड पर देखे गए हैं।
संग्रामगढ़ पुलिस और स्वाट टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में प्रयागराज के थरवई निवासी सूर्यभान पटेल के पैर में गोली लगी। प्रयागराज के सोरांव निवासी अंकित सोनी को मौके से पकड़ा गया। घायल आरोपी को सीएचसी संग्रामगढ़ से जिला अस्पताल रेफर किया गया।एडिशनल एसपी संजय राय ने बताया कि पुलिस की सक्रियता और संयोजित रणनीति के चलते लूटकांड में शामिल सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मुठभेड़ों में संयम के साथ कार्रवाई की गई है और अब पीड़ित परिवार को पूरा न्याय मिलेगा। दोनों मुठभेड़ों में पुलिस ने 3.740 किलोग्राम चांदी, 5.7 ग्राम सोना, एक मोटरसाइकिल, दो तमंचे (312 बोर) और जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए हैं। यह लूट 28 जुलाई की रात ग्राम अवसानगंज में हुई थी। बदमाशों ने सर्राफा कारोबारी रमेश कुमार से लगभग 12 लाख के जेवरात लूटे थे। इसी मामले में संग्रामगढ़ थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी ।एसपी डॉ. अनिल कुमार, एएसपी संजय राय और सीओ लालगंज आशुतोष मिश्रा के निर्देशन में थाना प्रभारी संग्रामगढ़ सत्येन्द्र सिंह भदौरिया और स्वाट प्रभारी अमित कुमार चौरसिया की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। एसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि लूटकांड का खुलासा पूरी तरह हो गया है और सभी आरोपी अब सलाखों के पीछे हैं। अपराधियों के खिलाफ अभियान और तेज़ किया जाएगा।
