प्रतापगढ़: नवरात्र में भी अंधेरे में डूबा नगर पंचायत ढकवा का सुल्तानपुर रोड
*शिकायतों के बावजूद नहीं जली स्ट्रीट लाइट, नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल*
प्रतापगढ़। नगर पंचायत ढकवा के सुल्तानपुर रोड पर कई महीनों से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटें नवरात्र जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर भी नहीं जल सकीं। सड़क पर पसरे अंधेरे के कारण राहगीरों, दुकानदारों और विशेषकर रात में आवागमन करने वाली महिलाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों की शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान न होने से नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। हैरानी की बात यह है कि नवरात्र के दौरान सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी लगातार संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे रहे हैं, वहीं ढकवा के सुल्तानपुर रोड पर रोशनी की व्यवस्था अब तक दुरुस्त नहीं हो सकी है। सड़क से बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु आवागमन कर रहे हैं। ऐसे में अंधेरे के कारण किसी अप्रिय घटना की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
*ऑपरेशन सजग की बैठक में भी उठी थी शिकायत*
क्षेत्रवासियों के अनुसार, ऑपरेशन सजग की बैठक में ग्रामीणों ने खराब स्ट्रीट लाइटों की समस्या उठाई थी। थाना अध्यक्ष आसपुर देवसरा राकेश चौरसिया के माध्यम से अधिशासी अधिकारी अमित सिंह तक शिकायत पहुंचने के बावजूद सड़क पर रोशनी की व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि जब शिकायतें जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंच चुकी हैं, तो फिर समस्या का समाधान आखिर क्यों नहीं किया जा रहा है?
*शाम होते ही दुकानें बंद करने को मजबूर दुकानदार*
सुल्तानपुर रोड पर अंधेरे का असर व्यापार पर भी पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, पहले उनकी दुकानें रात करीब 10 बजे तक खुली रहती थीं, लेकिन सड़क पर अंधेरा रहने के कारण अब वे शाम होते ही दुकानें बंद करने को मजबूर हैं। इससे उनकी बिक्री और आमदनी पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि यदि सड़क पर पर्याप्त रोशनी हो, तो ग्राहक देर शाम तक बाजार में आ सकेंगे और व्यापारिक गतिविधियां सामान्य रह सकेंगी।
*कई शिकायतों के बाद भी समाधान का इंतजार*
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। कई महीनों से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने की मांग के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। नवरात्र के दौरान भी सड़क का अंधेरे में रहना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि सुल्तानपुर रोड की सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराया जाए, ताकि महिलाओं, श्रद्धालुओं, राहगीरों और दुकानदारों को राहत मिल सके। अब देखना यह है कि शिकायतों के बाद भी समस्या से अनजान बना नगर पंचायत प्रशासन कब जागता है और सड़क पर रोशनी की व्यवस्था बहाल करता है।




