नवरात्र में दुर्गा पंडालों में पहुंचे डॉ. आशीष तिवारी, मां के दरबार में टेका मत्था
नारियल-चुनरी चढ़ाकर मांगा क्षेत्र की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद, शाहपुर में भागवत कथा में भी हुए शामिल
चांदा (सुल्तानपुर)। शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन सेवार्थम फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष तिवारी ने क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। उन्होंने नारियल और चुनरी अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
डॉ. आशीष तिवारी सबसे पहले बैंतीकला स्थित दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचे और विधि-विधान से पूजन किया। इस दौरान रामलाल निषाद समेत अन्य लोगों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने छतौनाकला बाजार, मल्हीपुर और सोनवा के छोटा केवटान में आयोजित दुर्गा पूजा कार्यक्रमों में पहुंचकर मां के दर्शन किए और आशीर्वाद मांगा।
इसके बाद डॉ. तिवारी शाहपुर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल हुए। यहां उन्होंने कथा का श्रवण किया और श्रद्धालुओं को संबोधित किया। बाद में शाहपुर स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में पहुंचकर मां दुर्गा की आराधना की।
नवरात्र के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों में धार्मिक अनुष्ठानों और मां के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। दुर्गा पूजा और भागवत कथा जैसे आयोजनों में श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।