करोड़ों खर्च के बाद भी घर-घर नहीं पहुंचा पानी, जल जीवन मिशन पर उठे सवाल

*करोड़ों खर्च के बाद भी घर-घर नहीं पहुंचा पानी, जल जीवन मिशन पर उठे सवाल*

*ग्रामीणों का आरोप—सड़कें तोड़कर बिछाई पाइपलाइन, कई जगह कनेक्शन के बावजूद पानी की सप्लाई नहीं*

 

रिपोर्टर अशोक कुमार वर्मा

 

*लम्भुआ सुल्तानपुर*

हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित जल जीवन मिशन पर मदनपुर पनियार और मुरली ग्राम पंचायत में सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि योजना के तहत करोड़ों रुपये खर्च कर पाइपलाइन बिछाने और कनेक्शन देने का काम तो किया गया, लेकिन अभी भी कई घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत भी नहीं कराई गई है।

ग्रामीणों के अनुसार मुरली ग्राम पंचायत में डकाही समेत करीब दो हजार की आबादी है। आबादी के हिसाब से 200 से अधिक कनेक्शन किए जाने थे। डकाही के नगर पंचायत में शामिल क्षेत्र में कनेक्शन नहीं किया गया। वहीं धारपुर में कनेक्शन किए जाने के बावजूद कई स्थानों पर पानी की नियमित सप्लाई नहीं हो रही है।

 *मदनपुर पनियार में बोरिंग हुई, लेकिन नहीं बनी टंकी* 

मदनपुर पनियार में जल जीवन मिशन के तहत बोरिंग कर परिसर तैयार किया गया, लेकिन अभी तक पानी की टंकी का निर्माण नहीं हो सका है। इसके चलते यहां की व्यवस्था दूसरे स्थान पर बनी टंकी पर निर्भर है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है।

ग्रामीण सतीश पांडेय ने बताया कि मदनपुर पनियार के छोर तक पानी नहीं पहुंच रहा है, जबकि मुरली में बनी टंकी से सुबह-शाम पानी की सप्लाई की जा रही है।

 

 *सड़कें हुईं क्षतिग्रस्त, गड्ढों में तब्दील रास्ते* 

ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़कों को खोदा गया, लेकिन कई स्थानों पर उनकी मरम्मत नहीं कराई गई। धारपुर निवासी हरिकेश ने बताया कि पाइप डालने के बाद सड़क पर बने गड्ढों को ठीक नहीं किया गया है। पाइपलाइन खुले में पड़ी है और जोड़ का इंतजार कर रही है।

धारपुर की महिलाओं ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि सड़कें तो खराब कर दी गईं, लेकिन पानी अब तक घरों तक नहीं पहुंचा।

 

 *पंचायत भवन और आंगनबाड़ी तक भी नहीं पहुंचा कनेक्शन*

ग्रामीणों के मुताबिक ग्राम पंचायत में शौचालय और आंगनबाड़ी केंद्र तक भी जल जीवन मिशन का पानी नहीं पहुंचाया गया है। वहीं मदनपुर पनियार में बने शौचालय में भी पानी की सप्लाई बाधित होने की बात सामने आई है।

प्राथमिक विद्यालय मदनपुर पनियार की प्रधानाचार्य रेनू सिंह ने बताया कि विद्यालय में सुबह-शाम जल जीवन मिशन का पानी पहुंचता है, लेकिन दिनभर पानी की उपलब्धता नहीं रहती।

 

 *कर्मचारी ने बताया—सुबह-शाम हो रही सप्लाई* 

जल जीवन मिशन के तहत बनी टंकी और टेबल के पास बृजेश पांडेय मौजूद मिले। वहां मौजूद कर्मचारी के अनुसार गांव में सुबह और शाम पानी की सप्लाई की जाती है।मुरली ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सतीश वर्मा ने बताया कि 50 से अधिक घर पर कनेक्शन तक नहीं किया गया है। जहां पानी पहुंच रहा है वहां बूंद बूंद गिर रहा है। कई सड़के खराब हो गई हैं।

 

हालांकि ग्रामीणों की शिकायतें योजना के जमीनी क्रियान्वयन पर सवाल खड़े कर रही हैं। अब देखने वाली बात होगी कि संबंधित विभाग मौके पर जांच कर अधूरे कार्य, क्षतिग्रस्त सड़कों और पानी की अनियमित सप्लाई की समस्या का समाधान कब तक करता है। जल जीवन मिशन में कार्यरत आनंद सिंह ने बताया कि जल जीवन मिशन अंतर्गत पानी की सप्लाई सुबह-शाम की जा रही है। अगर कहीं सड़के खराब है और टोटी नहीं लगी है तो उसे बताएं सही किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!