*जौनपुर सिटी स्टेशन पर सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस के ठहराव को मिली मंजूरी*
*******************
*अरुण कुमार जायसवाल *
जौनपुर। जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 22419/22420 गाजीपुर सिटी-आनंद विहार टर्मिनल सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस के ठहराव को रेल मंत्रालय ने मंजूरी प्रदान कर दी है। रेल मंत्रालय के इस निर्णय से जौनपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जौनपुर सिटी स्टेशन पर ठहराव को क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे दिल्ली, गाजीपुर सहित अन्य प्रमुख शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा।
इस जनहितकारी निर्णय के लिए जौनपुरवासियों की ओर से केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया गया है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जौनपुर से जुड़ी रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में ऐसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।
