*प्रतापगढ़ पट्टी: रत्तूपुर गौशाला की जांच में सीडीओ को कदम-कदम पर मिलीं खामियां व्यवस्थाएं जल्द दुरुस्त कराने के निर्देश*
*गौशाला की बदहाली पर सीडीओ का चढ़ा पारा जिम्मेदारों को लगाई कड़ी फटकार*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़ पट्टी। नगर पंचायत पट्टी के अधीन संचालित रत्तूपुर गांव स्थित कान्हा गौशाला की बदहाली और अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राम मीणा गुरुवार देर शाम करीब 7:30 बजे अचानक जांच करने पहुंच गए। सीडीओ के औचक निरीक्षण से गौशाला में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान उन्हें कदम-कदम पर अव्यवस्थाएं और गंभीर खामियां दिखाई दीं, जिस पर उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों
को कड़ी फटकार लगाई। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से गौशाला में गोवंशों के लिए पर्याप्त चारे और पानी की व्यवस्था नहीं है। देखरेख के अभाव में गोवंशों की हालत खराब है। आरोप यह भी है कि मृत गोवंशों के निस्तारण में भी लापरवाही बरती जा रही थी। अव्यवस्थाओं और कथित अनियमितताओं से नाराज ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल के साथ जिलाधिकारी से भी शिकायत की थी।
जनशिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ दल-बल के साथ गौशाला पहुंचे और चारा-पानी की उपलब्धता, गोवंशों के स्वास्थ्य परीक्षण, साफ-सफाई तथा रखरखाव की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मौके की स्थिति और अभिलेखों में दर्ज व्यवस्थाओं के बीच अंतर सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया। सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि गोवंश संरक्षण जैसे संवेदनशील विषय में किसी भी स्तर पर लापरवाही
अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गौशाला की व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जांच में यदि किसी की लापरवाही या अनियमितता प्रमाणित होती है तो जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान डॉ. दयानंद श्रीवास्तव, नगर पंचायत पट्टी अध्यक्ष अशोक जायसवाल, ईओ रोबिन सिंह, हाईकोर्ट के अधिवक्ता वीर शिवम सिंह, प्रवीण मिश्रा, प्रशांत सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
