विद्यार्थियों ने कलम के जरिए मोबाइल की बढ़ती लत को लेकर,समाज को जागरूक करने का दिया संदेश

*विद्यार्थियों ने कलम के जरिए मोबाइल की बढ़ती लत को लेकर,समाज को जागरूक करने का दिया संदेश*

प्रेम शर्मा

खुटहन: मोबाइल की बढ़ती लत को लेकर विद्यार्थियों ने कलम के जरिए समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। रुस्तमपुर की पूर्व प्रधान स्व. विद्यावती पांडेय की पुण्य स्मृति में गुरुवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय बालिका इंटर कॉलेज, रुस्तमपुर में ‘विद्यावती प्रेरणा पुरस्कार-2026’ के तहत हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतियोगिता का विषय ‘मोबाइल की बढ़ती लत : सुविधा से समस्या तक’ रखा गया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्व. विद्यावती पांडेय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्वलन से हुई। विद्यालय प्रबंधक श्रीकृष्ण पांडेय ने अतिथियों का माल्यार्पण व अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार सुभाष पांडेय और कार्यक्रम अध्यक्ष वीरेंद्र मिश्र रहे।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने मोबाइल के सकारात्मक और नकारात्मक प्रभावों को अपनी लेखनी में प्रभावी ढंग से उकेरा। आदर्श वर्मा ने प्रथम, अंशिका मिश्रा ने द्वितीय और शिवराज गौतम ने तृतीय स्थान हासिल किया। कृति जोरिया और समीक्षा जोरिया को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

मुख्य अतिथि सुभाष पांडेय ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचान देने के साथ उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडेय ने कहा कि साहित्यिक और रचनात्मक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति का आत्मविश्वास बढ़ाती हैं।

कार्यक्रम अध्यक्ष वीरेंद्र मिश्र ने कहा कि स्व. विद्यावती पांडेय की स्मृति को जीवंत रखते हुए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना इस पुरस्कार की सार्थक पहल है।

इस दौरान कैप्टन अशोक उपाध्याय, देवी प्रसाद उपाध्याय, बंशबहादुर पाल, सुशील पांडेय, ओमप्रकाश उपाध्याय और राजेश पांडेय ने विचार रखे। कार्यक्रम में जगदीश पांडेय, डॉ. अनिल तिवारी, अशोक मिश्रा, ओमप्रकाश मिश्रा, दिनेश यादव, ब्रह्मदेव मिश्रा, किशन यादव और हीरालाल गौतम सहित बड़ी संख्या में अभिभावक व क्षेत्रवासी मौजूद रहे। संचालन बृजेंद्र तिवारी ने किया, जबकि प्रधानाचार्या प्रिया पांडेय ने आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!