*जयघोष के बीच निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने खींचा रथ*
*******************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा में सुबह से देर शाम तक हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पूरा शहर “जय जगन्नाथ” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए, शाही खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण किया और रथ खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
प्रातः श्री जगन्नाथ धाम रासमंडल में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान के विग्रहों का षोडशोपचार पूजन हुआ। मुख्य यजमानों ने पूजन-अर्चन और महाआरती के बाद भगवान को शाही खिचड़ी का भोग अर्पित किया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू हुए।
शाम करीब 5:30 बजे भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलभद्र और देवी सुभद्रा को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर रथयात्रा निकाली गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार के मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने आरती और नारियल फोड़कर किया। रथयात्रा रासमंडल से विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः जगन्नाथ धाम पहुंची।
पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक रथ खींचा, जबकि विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। जगह-जगह शीतल जल और जलपान की व्यवस्था रही। भजन-कीर्तन और आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
रथयात्रा से पूर्व परंपरा के अनुसार भगवान के विग्रहों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। स्वास्थ्य लाभ के बाद भगवान ने भक्तों को दर्शन दिए और नगर भ्रमण के लिए रथयात्रा में विराजमान हुए।
