खेत में लगी झटका मशीन की तार बनी मौत का कारण, करंट लगने से चार साल की मासूम की मौत

*खेत में लगी झटका मशीन की तार बनी मौत का कारण, करंट लगने से चार साल की मासूम की मौत*

 

*अमरूद खाने खेत पहुंची थी साजिया, तार की चपेट में आते ही लगा जोरदार झटका; सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, मां का रो-रोकर बुरा हाल*

संवाददाता दधीच विश्वकर्मा

लम्भुआ (सुलतानपुर)। घर के पास खेल रही चार साल की मासूम बच्ची की खेत में लगी झटका मशीन की तार की चपेट में आने से मौत हो गई। बच्ची अमरूद खाने के लिए खेत की ओर गई थी। उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि फसल की सुरक्षा के लिए लगाए गए तार में करंट प्रवाहित हो रहा है। तार की चपेट में आते ही उसे जोरदार करंट लगा। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

घटना शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र के घरवासपुर गांव में हुई। गांव निवासी अरमान की चार वर्षीय बेटी साजिया घर के पास खेल रही थी। खेलते-खेलते वह पास स्थित खेत की ओर चली गई। परिजनों के मुताबिक किसान मुरारी पांडेय पुत्र जगदीश पांडेय के खेत में फसल को जानवरों से बचाने के लिए झटका मशीन लगाई गई थी। मशीन से जुड़े तार खेत के चारों ओर लगाए गए थे।

बताया गया कि खेत में करीब 50 मीटर की दूरी पर अमरूद का पेड़ था। साजिया अमरूद खाने के लिए पेड़ की ओर बढ़ी। इसी दौरान वह झटका मशीन से जुड़े तार की चपेट में आ गई। तार में करंट प्रवाहित होने के कारण बच्ची को जोरदार झटका लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिवार को सूचना दी। बच्ची की हालत देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में साजिया को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

 

बड़ी बहन की पहले ही हो चुकी है मौत

साजिया की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के मुताबिक साजिया तीन बहनों में दूसरी थी। उसकी बड़ी बहन की पहले ही मौत हो चुकी है। अब परिवार में करीब डेढ़ साल की छोटी बेटी ही बची है। मासूम बेटी की मौत के बाद मां रुबीना का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों को सांत्वना देने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।

 

 *सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस*

 

घटना की सूचना मिलने पर लम्भुआ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

 

क्षेत्राधिकारी लम्भुआ रितिक कुमार ने बताया कि पुलिस को घरवासपुर गांव में खेत में लगी झटका मशीन से एक बालिका के करंट की चपेट में आने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। बच्ची को उपचार के लिए सीएचसी लम्भुआ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पंचायतनामा और पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।

 

 *झटका मशीन के खुले तारों ने खड़े किए सुरक्षा पर सवाल*

 

मासूम की मौत के बाद खेतों में फसल बचाने के लिए लगाई जाने वाली झटका मशीनों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों के आसपास यदि करंट प्रवाहित तार लगाए जाते हैं तो उनकी पर्याप्त सुरक्षा और चेतावनी की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि बच्चे या राहगीर अनजाने में उनकी चपेट में न आएं। साजिया की मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!