*बाइक से बाबा विश्वनाथ धाम के लिए रवाना हुआ युवा कांवरियों का जत्था*
*हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजा सिंगरामऊ बाजार*
*******************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
सिंगरामऊ। सावन के पावन अवसर पर रविवार को स्थानीय बाजार से युवा कांवरिया संघ का करीब 60-70 सदस्यीय जत्था मोटरसाइकिलों से बाबा विश्वनाथ धाम वाराणसी के लिए रवाना हुआ। यात्रा को लेकर कांवरियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

रवाना होने से पहले कांवरियों ने क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद डीजे और साउंड की धुन पर नाचते-गाते हुए कांवरियों ने बाजार में जुलूस निकाला। इस दौरान ‘बोल बम’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘ओम नमः शिवाय’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
कांवरियों के उत्साह को देखते हुए स्थानीय समाजसेवी संगठनों की ओर से जगह-जगह जलपान आदि की व्यवस्था की गई। लोगों ने कांवरियों का स्वागत करते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।
युवा कांवरियों ने बताया कि वाराणसी पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद मार्कंडेय महादेव का जलाभिषेक करते हुए कांवरिया वापस सिंगरामऊ पहुंचेंगे। यहां प्राचीन गौरीशंकर धाम एवं गुदरनाथ धाम में जलाभिषेक कर यात्रा का समापन किया जाएगा।
यात्रा में अरुणेश सैनी, अंकित बरनवाल, ऋषि सागर मोदनवाल, राहुल जायसवाल, कल्लू जायसवाल, विपुल बरनवाल, डब्बू बरनवाल, शुभम विश्वास, बजरंगी, साहू निगम समेत बड़ी संख्या में युवा कांवरिया शामिल रहे।
