सुल्तानपुर: खेतों में करंट दौड़ाने वालों पर प्रशासन की सख्ती, 64 स्थानों पर कार्रवाई

*सुल्तानपुर: खेतों में करंट दौड़ाने वालों पर प्रशासन की सख्ती, 64 स्थानों पर कार्रवाई*

*विद्युत उपकरण जब्त, विक्रेताओं को भी किया गया चिह्नित; पुलिस-प्रशासन ने ग्रामीणों को दी कड़ी चेतावनी*

संवाददाता दधीच विश्वकर्मा

सुलतानपुर। जनपद में खेतों के चारों तरफ विद्युत तार फैलाकर उनमें विद्युत उपकरणों के माध्यम से करंट प्रवाहित किए जाने की घटनाओं को जिला प्रशासन और पुलिस ने गंभीरता से लिया है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विभिन्न तहसीलों में उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित कर कार्रवाई शुरू की गई है। प्रशासन के अनुसार, गठित टीमों ने विभिन्न गांवों में पहुंचकर खेतों के आसपास इस तरह से विद्युत करंट प्रवाहित करने वाले स्थानों को चिह्नित किया। अभियान के दौरान कुल 64 स्थानों पर कार्रवाई करते हुए विद्युत उपकरणों को सीज किया गया। साथ ही ऐसे विद्युत उपकरणों की बिक्री करने वाले विक्रेताओं को भी चिह्नित किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खेतों की सुरक्षा के नाम पर चारों तरफ विद्युत तार बिछाकर उनमें करंट प्रवाहित करना बेहद खतरनाक है। इससे किसी व्यक्ति या पशु की जान जाने अथवा गंभीर हादसा होने की आशंका बनी रहती है।

*जानबूझकर किया गया कृत्य माना जाएगा*

जिला पुलिस एवं प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति खेतों के चारों तरफ तार फैलाकर विद्युत उपकरणों के माध्यम से करंट प्रवाहित न करे। ऐसा कोई भी कार्य न किया जाए, जिससे किसी व्यक्ति या पशु को नुकसान पहुंचने की संभावना हो। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में इस तरह की कोई घटना सामने आती है तो उसे जानबूझकर किया गया कृत्य माना जाएगा और संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस-प्रशासन का यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और विद्युत करंट से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!