प्रतापगढ़: आसपुर देवसरा पुलिस ने चोरी-लूट की वारदात का किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

*प्रतापगढ़: आसपुर देवसरा पुलिस ने चोरी-लूट की वारदात का किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार*

संवाददाता अनिल मिश्र

प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में हुई चोरी और लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के बर्तन, मंदिर की सजावट में प्रयुक्त झूमर समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया जा चुका था। पुलिस के मुताबिक, 2 अगस्त 2026 को गोदलपट्टी गांव निवासी महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 3-4 अज्ञात बदमाश घर के पीछे से घुसकर आलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान चोरी कर रहे थे।

विरोध करने पर आरोपियों ने महिला को धक्का देकर उसके हाथ-पैर बांध दिए। महिला किसी तरह बाहर निकलकर शोर मचाने लगी, जिसके बाद ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी चोरी का सामान लेकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना आसपुर देवसरा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में थाना पुलिस, एसओजी, सर्विलांस सेल और स्पेशल टीम का गठन किया गया। पुलिस का कहना है कि जांच और कार्रवाई के दौरान घटना का सफल अनावरण करते हुए कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित सिंह (22), निवासी कटार गोडे चिलबिला, थाना कोतवाली नगर; रजनीश पटेल (19), निवासी मेंहदिया, थाना कंधई; गोविंद सिंह, निवासी गोड़े, थाना कोतवाली नगर तथा डब्लू वर्मा, निवासी पड़री मुश्तर्का, थाना कंधई के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से एक कंगन, चार अंगूठियां, दो-दो जोड़ी कान के टप्स, झुमके और बालियां, तीन चेन, एक लॉकेट, कमरपेटी, कमर का छल्ला, पांच जोड़ी पायल, 17 बिछिया, चांदी की थाली, गिलास, प्लेट, कटोरी, चम्मच तथा मंदिर की सजावट में प्रयुक्त दो बड़े और दो छोटे झूमर बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देने, चोरी के माल के बंटवारे और फरारी से जुड़ी जानकारी दी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!