*पुलिस और गौकशों के बीच मुठभेड़, एक बदमाश घायल, दो गिरफ्तार*
*फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, तमंचा, कारतूस, गोकशी के उपकरण और बाइक बरामद; तीन आरोपी फरार*
अखंडनगर (सुल्तानपुर)। थाना अखंडनगर क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस और कथित गौकशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक थाना प्रभारी अखंडनगर को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में गौकशी करने वाला एक गिरोह सक्रिय है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कुंदाभैरवपुर बाईपास के पास घेराबंदी की। इसी दौरान नेमपुर की ओर से दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच संदिग्ध आते दिखाई दिए।
पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान अब्दुल सलाम
प्यारेपुर हाजी, थाना चांदा, गोली लगने से घायल हो गया। वहीं उसका साथी रियाज, निवासी थाना चांदा, को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के विरुद्ध पहले से गौकशी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।
घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर भेजा गया है। पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, गोकशी में प्रयुक्त होने वाले उपकरण तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि फरार तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
