*बदलापुर/महराजगंज में पंचायत विकास योजना पर प्रशिक्षण, GPDP के 15 गुणवत्ता संकेतकों पर दिया गया विशेष जोर*
*******************
*संवाद :ओमप्रकाश मिश्रा*
जौनपुर। महराजगंज विकास खंड सभागार में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत पंचायत विकास योजना (PDP) विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपनिदेशक (पंचायत), वाराणसी मंडल के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में विकास खंड के सभी ग्राम पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी दिनेश कुमार मौर्या तथा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) उमेंद्र कुमार यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन सत्र में अधिकारियों ने पंचायतों की योजनाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनभागीदारी आधारित बनाने पर बल दिया।
प्रशिक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी दिनेश कुमार मौर्या ने बताया कि पंचायत विकास योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाया गया है। इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर GPDP में 15 गुणवत्ता संकेतकों को शामिल करते हुए 100 अंकों का एक मूल्यांकन ढांचा विकसित किया गया है, जिससे ग्राम पंचायतों की योजनाओं का निष्पक्ष एवं डेटा-आधारित आकलन किया जा सके।
उन्होंने बताया कि इन गुणवत्ता संकेतकों में ग्राम सभा की नियमित बैठकें, समुदाय की सक्रिय भागीदारी, अनुसूचित जाति-जनजाति, महिलाओं एवं बुजुर्गों की सहभागिता, ग्राम सभा से पूर्व महिला एवं बाल सभा का आयोजन, थीम आधारित संकल्प, PAI के आधार पर कमियों का समाधान, GPDP के सभी चरणों का पालन, पंचायत प्रोफाइल का अद्यतन, स्वयं के राजस्व (OSR) में वृद्धि तथा कम लागत या बिना लागत वाली विकास गतिविधियों को योजना में शामिल करना प्रमुख बिंदु हैं।
उन्होंने कहा कि यदि ग्राम पंचायतें इन सभी संकेतकों को ध्यान में रखकर कार्ययोजना तैयार करेंगी तो पंचायतों का समग्र एवं संतुलित विकास सुनिश्चित होगा।
प्रशिक्षण सत्र में पंचायत विकास योजना के साथ-साथ ‘मेरी पंचायत–हरित पंचायत’ तथा ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन 2026’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर संदीप यादव एवं अभय कुमार ने विभिन्न तकनीकी पहलुओं और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी प्रतिभागियों को प्रदान की।
इस अवसर पर सुनील सिंह (वरिष्ठ फैकल्टी सह प्रबंधक, डीपीआरसी चंदौली), ग्राम पंचायत सचिव सुरेन्द्र यादव, अंकुर यादव, पंचायत सहायकों सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
