लगातार बारिश के बीच पर्सीपुर गौशाला के केयर टेकरों को बांटे गए रेनकोट

*लगातार बारिश के बीच पर्सीपुर गौशाला के केयर टेकरों को बांटे गए रेनकोट*

 

*एडीओ (एजी) विमल कुमार पांडेय ने गोवंश की सुरक्षा और बेहतर देखभाल के दिए निर्देश*

दधीच विश्वकर्मा

लंभुआ, सुल्तानपुर।

बरसात के मौसम में गोवंशों की देखभाल कर रहे केयर टेकरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रविवार को लंभुआ विकासखंड क्षेत्र की पर्सीपुर गौशाला में रेनकोट वितरित किए गए। कार्यक्रम में एडीओ (एजी) लंभुआ विमल कुमार पांडेय ने कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों को रेनकोट प्रदान करते हुए बारिश के दौरान पूरी सतर्कता के साथ गोवंशों की सेवा करने का आह्वान किया।पर्सीपुर गौशाला का संचालन धारणा एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान जनार्दन, चम्पा, अनीता, श्रीमती जड़वाती सहित अन्य केयर टेकरों को रेनकोट वितरित किए गए, ताकि लगातार हो रही बारिश के बीच भी वे बिना किसी कठिनाई के गौशाला में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।एडीओ (एजी) विमल कुमार पांडेय ने कहा कि बरसात के मौसम में गोवंशों को सूखे एवं सुरक्षित स्थान पर रखना, समय से चारा-पानी उपलब्ध कराना, बीमार पशुओं का तत्काल उपचार कराना तथा गौशाला परिसर की साफ-सफाई बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और पशुओं के स्वास्थ्य एवं संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि गौशाला में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार सुनिश्चित की जाएंगी तथा मौसम की चुनौतियों के बावजूद गोवंशों की देखभाल में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान केयर टेकरों ने भी सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराने पर विभाग और कार्यदायी संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!