*सिगरामऊ (जौनपुर)। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत, एक माह में चार बड़ी वारदातें*
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ/जौनपुर जिले के सिगरामऊ थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। पिछले लगभग एक माह के दौरान क्षेत्र में चोरी की कई बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे लोगों में पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ताजा मामला थाना सिगरामऊ क्षेत्र के कबेली गांव का है। गांव निवासी देवेन्द्र मणि तिवारी ने रविवार को थाना सिगरामऊ में तहरीर देकर बताया कि 18/19 जुलाई 2026 की रात अज्ञात चोर उनके मकान के पीछे लगी लोहे की खिड़की की ग्रिल को किसी धारदार हथियार से काटकर स्टोर रूम में घुस गए। चोरों ने कमरे में रखी अटैचियों और बक्सों को खोलकर उनका सामान बाहर निकाल दिया तथा कपड़े आदि बिखेर दिए।

पीड़ित के अनुसार, संयोगवश अटैची और बक्सों में कोई नकदी या आभूषण नहीं रखा था, जिससे बड़ी आर्थिक क्षति होने से बचाव हो गया। घटना की जानकारी रविवार सुबह करीब सात बजे उस समय हुई, जब वह मकान के पीछे गए और खिड़की की कटी हुई ग्रिल देखी। इसके बाद परिवार के सदस्यों से पूछताछ करने पर पता चला कि किसी प्रकार की नकदी या जेवरात वहां नहीं रखे गए थे। हालांकि इस घटना से पूरा परिवार भयभीत है। पीड़ित ने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि इससे पहले 11 जून को हरिहरपुर गांव निवासी मस्तराम मिश्रा के घर से लाखों रुपये मूल्य के आभूषण और कीमती बर्तन चोरी हो गए थे। वहीं 14 जून को पहितियापुर निवासी सुरेंद्र यादव के घर भी चोरों ने धावा बोलकर पीड़ित के अनुसार छह लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण पार कर दिए थे। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं और पुलिस से शीघ्र खुलासे की मांग कर रहे हैं।
इस संबंध में थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मौर्य ने बताया कि कबेली गांव की घटना के संबंध में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की गहन जांच की जा रही है तथा शीघ्र ही घटना का खुलासा कर आरोपितों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
