*क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में धूमधाम से मनाया जा रहा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव*
*हरे राम हरे कृष्ण , रामचरितमानस पाठ भजन कीर्तन से गूंज रहा पूरा क्षेत्र, सिगरामऊ थाने पर भी श्री कृष्ण जन्मोत्सव*
*******************
*संबाद: शिव पूजन मिश्रा*
सिगरामऊ। बदलापुर तहसील क्षेत्र के सिगरामऊ सहित आसपास के गांवों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों, रामचरितमानस पाठ, भजन-कीर्तन एवं श्रीहरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। ध्वनि विस्तारक यंत्रों से गूंज रहे भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा है।

सिगरामऊ क्षेत्र के स्वयंभू महादेव मंदिर फिरोजपुर, सिगरामऊ राजघराने के ऐतिहासिक गौरी शंकर मंदिर, बाबा गूदरनाथ धाम, तुलापुर स्थित बाबा राम मूर्ति सेठ पुजारी द्वारा निर्मित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, चिंतामणि बाबा द्वारा निर्मित शिव शंकर मंदिर, डंडारी स्थित महाकाली मंदिर तथा फिरोजपुर में रामस्वरूप शुक्ल द्वारा निर्मित भगवान भोलेनाथ मंदिर समेत क्षेत्र के विभिन्न छोटे-बड़े मंदिरों में कृष्ण जन्मोत्सव की विशेष तैयारियां की गई हैं।
मंदिरों को बिजली की रंग-बिरंगी झालरों, आकर्षक विद्युत सजावट और विभिन्न विद्युत संयंत्रों से दुल्हन की तरह सजाया गया है। शाम होते ही मंदिरों की आकर्षक रोशनी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन रही है।
जन्माष्टमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचकर हरे राम, हरे कृष्ण सहित विभिन्न भजनों और कीर्तन में शामिल हो रहे हैं। श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। कई भक्तों ने सुबह से ही निर्जला अथवा फलाहार व्रत रखा है और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद ही जल एवं प्रसाद ग्रहण करने का संकल्प लिया है। काली मंदिर पर गुड्डू निगम, बीरू निगम बंधुओं तथा जमऊपट्टी में दिवेश बरनवाल उर्फ काजू, तथा पंकज गुप्ता के नेतृत्व में बाजार वासियों द्वारा एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है।
वहीं, सिगरामऊ थाना परिसर में भी पुलिस कर्मियों द्वारा प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मौर्य के नेतृत्व में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक जौनपुर द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
