*सिगरामऊ जमऊपट्टी में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 50 मरीजों का उपचार*
*बारिश के कारण घटी ओपीडी की संख्या, त्वचा संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी*
*************************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ/जौनपुर। शासन की मंशा के अनुरूप रविवार को सिगरामऊ एवं जमऊपट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 50 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं।
सिगरामऊ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर 44 मरीजों का उपचार किया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक वर्मा की देखरेख में वृद्धजनों एवं बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। महिला चिकित्सक डॉ. पूजा त्रिपाठी एवं डॉ. श्रुति पांडे ने गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।
सुबह से हो रही रिमझिम बारिश के कारण जन आरोग्य मेले में अपेक्षाकृत कम मरीज पहुंचे। इस दौरान डॉ. अभिषेक वर्मा एवं डॉ. सुशील यादव ने लोगों को मच्छरजनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि वर्षा के मौसम में घरों के आसपास पानी जमा न होने दें तथा नालियों और जलभराव वाले स्थानों पर फिनाइल, जला मोबिल एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराएं। उन्होंने मच्छरदानी का उपयोग करने, पूरे बाजू के कपड़े पहनने तथा दो दिन से अधिक बुखार रहने पर तत्काल जांच कराने की सलाह दी।
वहीं, जमऊपट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. सुशील कुमार यादव, डॉ. दिनेश यादव, एएनएम मीरा यादव एवं मोने अली की टीम ने 6 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनका उपचार किया तथा आवश्यक दवाइयां वितरित कीं।
चिकित्सकों के अनुसार लगातार बारिश के बाद बढ़ी उमस के चलते त्वचा संक्रमण (स्किन डिजीज) के मरीजों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। ऐसे में लोगों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, शरीर को सूखा रखने तथा त्वचा संबंधी समस्या होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई।
