*प्रतापगढ़: सई नदी में नहाने गए तीन किशोर डूबे, दो सगे भाइयों की तलाश जारी*
*नगर कोतवाली क्षेत्र के किशनदासपुर पुल पर हादसा, एक किशोर का शव बरामद, अन्य की तलाश जारी*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़। जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत किशनदासपुर पुल के पास रविवार सुबह सई नदी में नहाने गए तीन किशोर गहरे पानी में डूब गए। डूबने वालों में दो सगे भाई और उनका एक रिश्तेदार शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस, प्रशासन, स्थानीय गोताखोरों, एसडीआरएफ तथा अयोध्या और प्रयागराज से पहुंची एनडीआरएफ की टीमें लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र के अचलपुर निवासी कृष्ण सोनी (13), अनुराग सोनी (15) और उनके रिश्तेदार अमित सोनी (17) रविवार सुबह करीब 9 बजे स्कूटी से सई नदी में नहाने पहुंचे थे।
नहाते समय तीनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। नदी किनारे मछली पकड़ रहे मछुआरों ने उन्हें डूबते देखा तो शोर मचाकर बचाने का प्रयास किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। कई घंटे चले सर्च
ऑपरेशन के दौरान अमित सोनी (17) का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दोनों सगे भाइयों कृष्ण और अनुराग की तलाश जारी है। अमित सोनी के पिता राजू सोनी शहर के ठठेरी बाजार में सर्राफा व्यापारी हैं।पुलिस को घटनास्थल से तीनों किशोरों की चप्पलें और स्कूटी मिली। स्कूटी की तलाशी लेने पर उसमें करीब 30 ग्राम सोना मिला, जिसे पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप
दिया।परिजनों के अनुसार तीनों किशोर घर से दुकान जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन रास्ते में सई नदी में नहाने चले गए। नहाते-नहाते वे कब गहरे पानी में पहुंच गए, इसका किसी को अंदाजा नहीं लग सका। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि जिले भर में शोक की लहर है।
