स्कूल में मासूम को कक्षा में बंद छोड़ने पर बड़ी कार्रवाई, शिक्षिका निलंबित

*स्कूल में मासूम को कक्षा में बंद छोड़ने पर बड़ी कार्रवाई, शिक्षिका निलंबित*

अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)

जौनपुर: प्राथमिक विद्यालय बनपुरवा, परियांव (विकासखंड सिरकोनी) में कक्षा-2 के छात्र के कक्षा के अंदर बंद रह जाने की घटना पर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। मामले को गंभीर मानते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) समीर ने सहायक अध्यापिका श्रीमती कृष्णा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी, मुंगरा बादशाहपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।

बीईओ सिरकोनी की रिपोर्ट के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया और स्थानीय ग्रामीणों से सूचना मिली कि विद्यालय का कक्षा-2 का छात्र विपिन निषाद स्कूल की कक्षा के अंदर बंद रह गया है। सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और शिक्षकों, छात्रों व ग्रामीणों से पूछताछ की।

प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सही पाया गया कि छात्र वास्तव में कक्षा के अंदर बंद रह गया था। घटना सामने आने के बाद छात्र के परिजनों ने शिक्षकों की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की थी।

बीएसए समीर ने प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर सहायक अध्यापिका श्रीमती कृष्णा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें उच्च प्राथमिक विद्यालय परियांव (सिरकोनी) से संबद्ध किया गया है।

इसके साथ ही बीएसए ने पूरे मामले की विस्तृत और निष्पक्ष जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी, मुंगरा बादशाहपुर को जांच अधिकारी नामित करते हुए समयबद्ध रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। विभाग का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सवाल अब भी बरकरार है—अगर सोशल मीडिया पर मामला सामने न आता, तो क्या यह गंभीर लापरवाही दब जाती? शिक्षा विभाग की कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!