जौनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑनलाइन साइबर ठगी गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार

*जौनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑनलाइन साइबर ठगी गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार*

अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)

जौनपुर: जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘Cy-Vajra’ के तहत जौनपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) एवं साइबर क्राइम के नोडल अधिकारी आयुष श्रीवास्तव के नेतृत्व तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना/सेल की टीम ने संगठित ऑनलाइन साइबर ठगी गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से साइबर ठगी से अर्जित ₹92,000 नकद, 10 फर्जी आधार कार्ड तथा 2 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह कार्रवाई गुरुवार सुबह करीब 6:10 बजे सिटी रेलवे स्टेशन ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर की गई, जब आरोपी जनपद छोड़कर भागने की फिराक में थे।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गुलशन सोनी, सूरज उपाध्याय और अमन सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दीपेश उर्फ दीपु द्वारा संचालित संगठित साइबर ठगी गिरोह के सदस्य हैं।

जांच में सामने आया कि गिरोह ऑनलाइन ठगी से प्राप्त रकम को विभिन्न लोगों के बैंक खातों में ट्रांसफर कराता था। इसके बाद आरोपी एटीएम से नकदी निकालकर करीब 80 प्रतिशत हिस्सा गिरोह के सरगना को और शेष रकम आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने यह भी बताया कि बैंक खाते खुलवाने और पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड तैयार कर उनका इस्तेमाल किया जाता था।

पुलिस की बढ़ती कार्रवाई की भनक लगने पर गिरोह का सरगना दीपेश उर्फ दीपु फरार हो गया है, जबकि उसके तीन सहयोगियों को समय रहते गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

SP City आयुष श्रीवास्तव ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, मोबाइल नंबर, ओटीपी या पहचान पत्र किसी दूसरे को उपयोग के लिए न दें। ऐसा करना स्वयं भी कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!