फिटनेस और परमिट विहीन स्कूल वाहनों पर डीएम सख्त, DIOS और BSA को मान्यता निरस्तीकरण की कार्रवाई के निर्देश

*फिटनेस और परमिट विहीन स्कूल वाहनों पर डीएम सख्त, DIOS और BSA को मान्यता निरस्तीकरण की कार्रवाई के निर्देश*

अरुण कुमार जायसवाल(जिला ब्यूरो)

जौनपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद में चलाए जा रहे “मिशन सेफ फ्यूचर” अभियान के तहत परिवहन विभाग ने व्यापक कार्रवाई की है। 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक चले विशेष प्रवर्तन अभियान में 77 स्कूली वाहनों का चालान किया गया, जबकि 15 वाहनों को संबंधित थानों में सीज कर दिया गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान स्कूली वाहनों के परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, सुरक्षा उपकरणों और अन्य आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की गई। जिन वाहनों में अनियमितताएं मिलीं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।

यह अभियान रामपुर, खुटहन, चंदवक, मछलीशहर, मड़ियाहूं, केराकत, जफराबाद और लाइन बाजार थाना क्षेत्रों के सहयोग से संचालित किया गया।

उन्होंने सभी विद्यालय प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और वाहन स्वामियों से अपील की कि बच्चों के परिवहन में लगे सभी वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेज समय से नवीनीकृत कराएं। भविष्य में भी बिना वैध दस्तावेजों वाले वाहनों के विरुद्ध चालान और सीज की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने बिना फिटनेस और परमिट के स्कूली वाहनों के संचालन पर कड़ी आपत्ति जताते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को निर्देश दिए हैं कि ऐसे मामलों में संबंधित विद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मान्यता निरस्त करने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!