मछलीशहर के नए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने संभाला कार्यभार, राजस्व मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर

*मछलीशहर के नए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने संभाला कार्यभार, राजस्व मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर*

*******************

*संवाद :माता चरण पांडे*

मछलीशहर। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 2024 बैच के अधिकारी शुभांशु कटियार ने प्रशिक्षण पूरा करने के बाद मछलीशहर तहसील में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी का पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने राजस्व मामलों के शीघ्र निस्तारण और आम लोगों को समयबद्ध न्याय दिलाने को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया।

 

नए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि भूमि विवादों के निस्तारण में केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित रहने के बजाय वास्तविक स्थिति की जांच को प्राथमिकता दी जाएगी। संबंधित मामलों में मौके पर जाकर निष्पक्ष एवं तथ्यों के आधार पर जांच कराई जाएगी, ताकि विवादों का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि एक ही प्रकरण की पुनरावृत्ति न हो और फरियादियों को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।

 

श्री कटियार ने कहा कि तहसील में आने वाले गरीब, पीड़ित और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाएगा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व कार्यों में लापरवाही, अनावश्यक देरी अथवा मामलों को लंबित रखने की प्रवृत्ति को किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

 

उन्होंने बार और बेंच के बीच बेहतर तालमेल को भी तहसील की कार्यप्रणाली के लिए महत्वपूर्ण बताया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि अधिवक्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय से न्यायिक एवं राजस्व कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकता है।

 

उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से तहसील में ऐसी व्यवस्था विकसित करने का प्रयास किया जाएगा, जिसमें आमजन को सुगम, पारदर्शी और त्वरित प्रशासनिक सेवाएं मिल सकें। आम लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान और उन्हें अनावश्यक भागदौड़ से राहत दिलाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!