सिंगरामऊ थाने के सिपाही विपिन गोंड़ ने UPSI परीक्षा में मारी बाजी, कैटेगरी में हासिल की 12वीं रैंक

*सिंगरामऊ थाने के सिपाही विपिन गोंड़ ने UPSI परीक्षा में मारी बाजी, कैटेगरी में हासिल की 12वीं रैंक*

*************************

*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*

जौनपुर। सिगरामऊ कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर सिंगरामऊ थाने में तैनात सिपाही विपिन गोंड़ ने उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (UPSI) भर्ती परीक्षा 2025 में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। उन्होंने अपनी कैटेगरी में 12वीं रैंक प्राप्त कर न केवल पुलिस विभाग, बल्कि अपने गृह जनपद कुशीनगर का भी गौरव बढ़ाया है।

 

2025 बैच के चयनित अभ्यर्थी विपिन गोंड़, राजेश गोंड़ के पुत्र हैं। वर्तमान में वह जौनपुर के सिंगरामऊ थाने में सिपाही के रूप में तैनात हैं। पुलिस की चुनौतीपूर्ण ड्यूटी निभाने के साथ उन्होंने नियमित अध्ययन और सुनियोजित तैयारी जारी रखी। उनके अथक प्रयास और लगन का परिणाम UPSI परीक्षा में शानदार सफलता के रूप में सामने आया।

 

विपिन गोंड़ की इस उपलब्धि पर सिंगरामऊ थानाध्यक्ष अखिलेश मौर्य, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

 

विपिन गोंड़ की सफलता यह साबित करती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर की जाए, तो सीमित समय और व्यस्त दिनचर्या भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनती। उनकी उपलब्धि उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो नौकरी के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!