*प्राथमिक विद्यालय में छह वर्षों से बिजली गुल, भीषण गर्मी में दो छात्र बेहोश*
*******************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ (जौनपुर)। क्षेत्र के अंदीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में पिछले छह वर्षों से विद्युत आपूर्ति ठप होने के कारण भीषण गर्मी में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बुधवार को अत्यधिक गर्मी के चलते दो छात्र बेहोश हो गए, जिसके बाद विद्यालय प्रशासन ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उनके परिजनों के साथ घर भेज दिया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय में पिछले छह वर्षों से बिजली की सुविधा उपलब्ध नहीं है। बिजली विभाग ने विद्युत पोल तो लगा दिए हैं, लेकिन अब तक उन पर तार नहीं खींचे गए हैं। इसके चलते विद्यालय में आज तक विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी।

उन्होंने बताया कि विद्यालय में वर्तमान में 65 बच्चों का नामांकन है और नए प्रवेश भी लिए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में स्थित विद्यालय में बिजली के अभाव में भीषण गर्मी के दौरान बच्चों को पढ़ाई करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को गर्मी के कारण दो छात्र बेहोश हो गए, जिससे विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियां भी प्रभावित हुईं।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि यह विद्यालय पूर्व में एसडीएम बदलापुर द्वारा गोद लिया गया था, लेकिन इसके बावजूद विद्यालय की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था बहाल कराने के लिए तहसील दिवस और समाधान दिवस में कई बार प्रार्थना पत्र दिए गए। एसडीएम बदलापुर ने दो बार विद्यालय का निरीक्षण भी किया, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय के नाम से विद्युत कनेक्शन दर्ज है और नियमित रूप से बिजली का बिल भी जारी हो रहा है। वर्तमान में विद्यालय पर लगभग 61 हजार रुपये का बिजली बिल बकाया हो चुका है, जबकि विद्यालय को वास्तविक रूप से बिजली की आपूर्ति ही नहीं मिल रही है।
प्रधानाध्यापक ने संबंधित अधिकारियों से विद्यालय में शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है, ताकि बच्चों को भीषण गर्मी से राहत मिल सके और पठन-पाठन सुचारु रूप से संचालित हो सके।
खंड शिक्षा अधिकारी बदलापुर अरविंद कुमार पांडे ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और संबंधित विभाग को प्रार्थना पत्र भेजा जा चुका है। वहीं, बिजली विभाग के कार्यवाहक जूनियर इंजीनियर अनीश यादव ने बताया कि उन्होंने हाल ही में कार्यभार ग्रहण किया है। पूर्व में तैनात जेई हिफ्जुल रहमान का तबादला हो चुका है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
