*प्रतापगढ़ पट्टी तहसील में दूसरे , दिन भी अधिवक्ताओं की तालाबंदी, रजिस्ट्री कार्यालय भी कराया बंद*
*रोशन सिंह को मिली जान से मारने की धमकी के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग, राजस्व कार्य पूरी तरह ठप*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़ पट्टी तहसील के अधिवक्ता रोशन सिंह को बीते सप्ताह फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले में दर्ज मुकदमे के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से अधिवक्ताओं का आक्रोश लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा।
मंगलवार को अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में पूर्ण तालाबंदी जारी रखते हुए रजिस्ट्री कार्यालय भी बंद करा दिया। अधिवक्ताओं के विरोध के चलते पूरे दिन तहसील के न्यायालयों और विभिन्न कार्यालयों में कामकाज ठप रहा। रजिस्ट्री कार्यालय पर ताला लटका रहा और किसी भी प्रकार की रजिस्ट्री नहीं होने दी गई। इससे सरकारी राजस्व को लाखों रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई। तालाबंदी के कारण दूर-दराज से भूमि की रजिस्ट्री कराने आए लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग दोपहर करीब 2:30 बजे तक रजिस्ट्री कार्यालय खुलने का इंतजार करते रहे, लेकिन कार्यालय नहीं खुलने पर उन्हें बिना काम कराए वापस लौटना पड़ा। अधिवक्ताओं का कहना है कि जब तक धमकी देने वाले आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन और तालाबंदी जारी रहेगी। वहीं, तहसील में दूसरे दिन भी सामान्य प्रशासनिक और न्यायिक कार्य पूरी तरह प्रभावित रहे।
