*छह दिन से लापता युवती का सड़ा-गला शव मिला, हत्या के बाद लाश फेकने की आशंका*
अरुण कुमार जयसवाल
जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के सोंगर गांव में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब छह दिनों से लापता 24 वर्षीय युवती का सड़ा-गला शव गांव की बंसवारी में बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पुलिस और विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने युवती की हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है।
मृतका की पहचान रासिदा (24) पुत्री स्वर्गीय मकरूल्लाह, निवासी सोंगर गांव के रूप में हुई। शव का चेहरा पूरी तरह गल जाने के कारण पहचान संभव नहीं हो पा रही थी। परिजनों ने कपड़ों और चप्पलों के आधार पर उसकी शिनाख्त की।
जानकारी के अनुसार, रासिदा का निकाह वर्ष 2024 में गांव के ही कलीम से हुआ था। विवाह के करीब दो माह बाद वैवाहिक संबंधों में अनबन होने के कारण वह मायके में रह रही थी।
परिजनों ने बताया कि 8 जुलाई की रात रासिदा घर के सामने आयोजित एक निकाह समारोह में शामिल होने गई थी, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटी। अगले दिन 9 जुलाई को परिजनों ने खेतासराय थाने में उसकी गुमशुदगी की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की थी।
सोमवार शाम गांव की बंसवारी में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शव काफी हद तक सड़ चुका था और चेहरे का हिस्सा पूरी तरह गल जाने से गले के ऊपर केवल कंकाल जैसी स्थिति रह गई थी।
मृतका के भाई सादिक ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की हत्या कर शव को सुनियोजित तरीके से बंसवारी में फेंका गया है। रासिदा पांच भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
घटनास्थल का पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
