*चांदा पुलिस की बड़ी सफलता, अपहृता को सकुशल बरामद कर आरोपी गिरफ्तार*
*एनएच-731 चांदा कट के पास पुलिस ने दबिश देकर दबोचा, न्यायालय में पेश करने की तैयारी*
दक्षिच विश्वकर्मा
चांदा (सुलतानपुर)। अपहरण के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना चांदा पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एनएच-731 स्थित चांदा कट के पास दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके साथ संबंधित अपहृता को भी सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, थाना चांदा में 23 अगस्त 2026 को मु0अ0सं0 260/2026, धारा 137(2)/87 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस मामले में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी और अपहृता की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में थाना पुलिस टीम क्षेत्र में वांछित और वारंटी आरोपियों की तलाश में भ्रमण कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर खास से सूचना मिली कि उक्त मुकदमे से संबंधित वांछित आरोपी एनएच-731 चांदा कट के पास मौजूद है और वहां से कहीं जाने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी तसलीम पुत्र गुलाब, निवासी सुलतानपुर अतरौरा मीर, थाना आसपुर देवसरा, जनपद प्रतापगढ़, उम्र करीब 22 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के साथ संबंधित अपहृता को भी सकुशल बरामद कर लिया। अपहृता की बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
*पुलिस टीम ने दिखाई तत्परता*
अपहरण के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और अपहृता की सकुशल बरामदगी को पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, जिससे आरोपी को कहीं जाने से पहले ही पकड़ लिया गया।
