*रक्षाबंधन से एक दिन पहले सर्पदंश ने छीना इकलौता भाई, चार बहनों की आंखों में छलके आंसू*
*******************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
खुटहन (जौनपुर)। रक्षाबंधन के पर्व से ठीक एक दिन पहले खुटहन क्षेत्र के गोसाईपुर गांव में सर्पदंश से 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में परिवार का इकलौता पुत्र और चार बहनों का अकेला भाई नीरज मौर्य जिंदगी की जंग हार गया। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, चक्रबेसहूदास माफी के गोसाईपुर गांव निवासी नीरज मौर्य बुधवार रात करीब 11 बजे घर के बाहर छप्पर के नीचे खाट पर सो रहा था। इसी दौरान एक सांप ने उसके सीने में डंस लिया। नींद खुलने पर नीरज ने सांप को वहां से जाते हुए भी देखा, लेकिन शुरुआत में उसने घटना को गंभीरता से नहीं लिया।
कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने करीब आधे घंटे तक घरेलू उपचार किया, लेकिन नीरज की हालत लगातार गंभीर होती गई और वह बेहोश हो गया। इसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज लेकर पहुंचे।
सीएचसी में चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उपचार के दौरान नीरज की मौत हो गई।
नीरज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उसकी बहनें खुशबू, शालू, सानू और शिवांगी का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस रक्षाबंधन पर बहनें अपने इकलौते भाई की कलाई पर राखी बांधने की तैयारी कर रही थीं, उससे ठीक पहले भाई की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
इकलौते पुत्र और भाई की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।
