वृक्षारोपण से ही सुरक्षित होगा भविष्य : विधायक रमेश चंद्र मिश्रा

बदलापुर (जौनपुर)। उत्तर प्रदेश सरकार के “एक पेड़ मां के नाम” एवं व्यापक वृक्षारोपण अभियान के तहत ग्राम पंचायत मछली गांव स्थित मधुबन वाटिका एवं कान्हा वाटिका में सोमवार को भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

अजय पाण्डेय

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण पूरी मानवता की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और घटते वन क्षेत्र के बीच अधिक से अधिक वृक्ष लगाना समय की मांग है। वृक्ष हमें शुद्ध ऑक्सीजन, छाया, वर्षा और स्वस्थ जीवन प्रदान करते हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री के वृक्षारोपण अभियान की सराहना करते हुए इसे जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

उपजिलाधिकारी बदलापुर ने उपस्थित लोगों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की और कहा कि वृक्षारोपण तभी सफल माना जाएगा जब पौधे बड़े होकर वृक्ष बनें। उन्होंने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा जताई।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी अनूप सिंह, मंडल अध्यक्ष सनी शुक्ला, ग्राम प्रधान सुमित्रा यादव, समर बहादुर यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने

भी पौधे लगाए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने एक-एक पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली तथा कई लोगों ने अपने घरों में लगाने के लिए भी पौधे साथ ले गए।

 

कार्यक्रम में रविंद्र प्रताप पांडे, प्रीतम सिंह, प्रहलाद गुप्ता, अजय कुमार पांडेय, दिनेश शुक्ला, जगदीश सिंह, प्रदीप मौर्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। पूरे कार्यक्रम में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष का रूप देंगे, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!