*बेजुबान का सहारा बने ग्रामीण, ग्राम रोजगार सेवक और पशु चिकित्सक*
*गड्ढे से निकालकर कराया उपचार*
********************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ। क्षेत्र की डंडारी ग्राम पंचायत के माधो राम पट्टी गांव में मानवता की मिसाल देखने को मिली। एक बेसहारा छुट्टा गाय कई घंटों से दलदलयुक्त गड्ढे में फंसी हुई थी। इसकी जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने एकजुट होकर कड़ी मशक्कत के बाद गाय को सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल उसके उपचार की व्यवस्था कराई।
गाय को बचाने के इस सराहनीय कार्य में छोटे मिश्रा, हरिराम मिश्रा, यज्ञ नारायण मिश्र, मयाशंकर मिश्र, दिनेश मिश्रा प्रधान, शिवशंकर विश्वकर्मा, मकोधर विश्वकर्मा, मनीष विश्वकर्मा तथा डॉ. राजेंद्र प्रसाद मिश्रा (पान वाले) ,सोमो मिश्रा सहित अन्य ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद गाय को गड्ढे से बाहर निकाला।
इसके बाद ग्राम रोजगार सेवक पंकज सिंह से विचार-विमर्श कर पशु चिकित्सक एवं पशुधन प्रसार अधिकारी देवलाल कनौजिया को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने गाय का प्राथमिक उपचार किया। वहीं ग्रामीण गाय के लिए चारा और पानी की व्यवस्था करने में जुटे रहे।
पशुधन प्रसार अधिकारी देवलाल कनौजिया ने बताया कि गाय अत्यंत कमजोर अवस्था में थी, जिसके कारण वह दलदल वाले गड्ढे में गिर गई और स्वयं बाहर नहीं निकल सकी। उन्होंने कहा कि गाय को पूरी तरह स्वस्थ होने में अभी एक-दो दिन का समय लग सकता है। इस दौरान उसका नियमित उपचार किया जाएगा।
ग्रामीणों, ग्राम रोजगार सेवक और पशु चिकित्सक द्वारा किए गए इस मानवीय एवं सराहनीय कार्य की पूरे क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है। वहीं ग्रामीणों ने उन लोगों के प्रति नाराजगी भी जताई, जिन्होंने गाय का उपयोग करने के बाद उसे बेसहारा छोड़ दिया। ग्रामीणों ने ऐसे कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
