शादी समारोह में आया युवक कुएं में मृत मिला

*शादी समारोह में आया युवक कुएं में मृत मिला*

 

*8 दिन से था लापता; पुलिस जांच में जुटी*

*संवाद: माता चरण पांडे*

जौनपुर/ सुजानगंज थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव में गुरुवार को एक कुएं से 20 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक प्रतापगढ़ जिले का निवासी था और रिश्तेदारी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव आया था। वह 24 जून की रात से लापता था, जिसकी गुमशुदगी पहले ही थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के ढकवापुर निवासी राजन सरोज (20) पुत्र राम सरोज के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि राजन 23 जून को अपने बहनोई लालचंद सरोज के घर सलारपुर गांव में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। 24 जून की रात वह अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चलने पर 27 जून को बहनोई ने सुजानगंज थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

 

गुरुवार को ग्रामीणों ने गांव के एक कुएं में शव उतराता देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकालकर कब्जे में लिया गया।

 

परिजनों का कहना है कि राजन मानसिक रूप से अस्वस्थ था। उनकी आशंका है कि वह रास्ता भटकने के दौरान दुर्घटनावश कुएं में गिर गया होगा। हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 

थानाध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!