*प्रतापगढ़ में बीज विक्रेता ओमप्रकाश पटेल की मौत पर बवाल, परिजनों का धरना; घायल बृजेश यादव की भी इलाज के दौरान मौत*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़, आसपुर देवसरा। दयालगंज बाजार में बीज भंडार संचालक ओमप्रकाश पटेल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजनों ने पहले अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया और हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव रखकर धरने पर बैठ गए।
हालांकि बाद में पुलिस के आश्वासन और मुकदमा दर्ज होने के बाद इब्राहिमपुर घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।जानकारी के अनुसार, अकारीपुर तिवरान निवासी 45 वर्षीय ओमप्रकाश पटेल दयालगंज बाजार में बीज भंडार की दुकान चलाते थे। परिजनों के मुताबिक वह सोमवार शाम
कुछ लोगों के साथ दुकान से निकले थे, लेकिन रात में घर नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद मंगलवार सुबह उनका शव दयालगंज के आगे नहर किनारे पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चेहरे और शरीर पर चोट के निशान मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक के पुत्र शिवम पटेल ने एक व्यक्ति को नामजद करते हुए थाने में तहरीर देकर पिता की हत्या का आरोप लगाया है। मंगलवार रात पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। बुधवार सुबह परिजन शव रखकर विरोध प्रदर्शन करने लगे और मांग की कि नामजद आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की जाए। मामले में नया मोड़ तब आया जब ओमप्रकाश पटेल के साथ मिले घायल व्यक्ति बृजेश यादव की भी प्रयागराज में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इससे पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है तथा क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।*थानाध्यक्ष आसपुर देवसरा राकेश चौरसिया ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। परिवार द्वारा इब्राहिमपुर घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया जा रहा है। वहीं घायल बृजेश यादव की भी इलाज के दौरान मौत हो गई है, जिनका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।*
