सड़क हादसे में वनरक्षक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

*सड़क हादसे में वनरक्षक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम*

*******************

*संवाद: माता चरण पांडे*

बरसठी/जौनपुर। बरसठी क्षेत्र में रविवार रात हुए सड़क हादसे में वन विभाग के 33 वर्षीय वनरक्षक रवि यादव की मौत हो गई। हादसे में उनके सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आई थीं। जिला अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सकरा गांव निवासी रवि यादव पिछले करीब तीन वर्षों से बरसठी क्षेत्र में वनरक्षक के पद पर तैनात थे। रविवार रात करीब आठ बजे वह बाइक से बनकट गांव की ओर से बरसठी स्थित वन विभाग कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वह सड़क पर खून से लथपथ पड़े मिले।

 

राहगीरों और आसपास के लोगों ने घटना की सूचना बरसठी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल रवि यादव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरसठी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचते ही उनकी मौत हो गई।

 

बताया गया कि दुर्घटना स्थल बाजार से कुछ दूरी पर है। हादसे में रवि के सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आई थीं और मुंह से भी खून निकल रहा था। प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

 

रवि यादव की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर परिवार के लोग बरसठी और जौनपुर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!