युवक पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर, दो नामजद व दो अज्ञात पर मुकदमा
मंगेश कन्नौजिया
सिकरारा (जौनपुर)
सिकरारा बाजार में रविवार को मोटर साइकिल सवार हमलावरों ने दो युवको पर लाठी डंडे व धारदार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में एक युवक के सिर व शरीर में गंभीर चोट लगने से हालत गंभीर बनी हुई है। जबकि दूसरा भागकर किसी तरह से अपनी जान बचाई। घायल युवक का जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। मामला पुरानी रंजिश बताई जा रही है।
खानापट्टी गांव निवासी उत्तम सिंह ‘अमन’ (29) व अंकित सिंह (30) दिन में लगभग 11 बजे सिकरारा बाजार में एक फल की दुकान पर फल खरीद रहे थे। फल लेकर उत्तम सिंह अपनी मोटर साइकिल पर बैठा ही था कि दो मोटर साइकिल पर मुंह बांधे चार लोग अचानक लाठी डंडे व धारदार हथियार से उनके सिर व शरीर पर हमला कर दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर वही गिर पड़ा। पास ही खड़े अंकित पर भी उन लोगों ने डंडे से हमला करना शुरू किया तो वो किसी तरफ भागकर एक मकान में जाकर अपनी जान बचाया। मोटर साइकिल सवार हमलावर युवक सिकरारा चौराहा की तरफ भाग निकले। सूचना पर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी विश्वनाथ सिंह घायल युवक को 108 एम्बुलेंस सेवा से इलाज हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिकरारा भेजा, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल भेज दिया। उत्तम के पिता शिवानन्द सिंह की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद व दो अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपितो की तलाश में जुट गई है।
