जिलाधिकारी की जांच में मिली खामियां, वीडियो , एडीओ आईएसबी को निलंबित करने का दिया आदेश

*जिलाधिकारी की जांच में मिली खामियां, वीडियो , एडीओ आईएसबी को निलंबित करने का दिया आदेश*

*********************अरुण जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

 

जौनपुर। मुफ्तीगंज विकासखंड कार्यालय के निरीक्षण के दौरान भारी अनियमितताएं मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। निरीक्षण में विकास योजनाओं की प्रगति, साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था समेत कई व्यवस्थाएं बदहाल मिलीं, जिस पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीडीओ जगदीश कुमार से विकास योजनाओं की प्रगति और क्षेत्र भ्रमण से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके। वहीं, प्रेरणा कैंटीन पिछले तीन वर्षों से बंद मिली। निर्माणाधीन मीटिंग हाल में भी कार्य बंद पाया गया।

 

विकासखंड परिसर में पेयजल व्यवस्था पूरी तरह से बदहाल मिली। कितनी बोरिंग चालू हैं और कितनी खराब, इसकी भी कोई स्पष्ट जानकारी अधिकारियों द्वारा नहीं दी जा सकी। कार्यालय परिसर में गंदगी मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।

 

जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश देते हुए बीडीओ के खिलाफ चार्जशीट जारी कर निलंबित करने को कहा। वहीं, एडीओ पंचायत रजनीश पांडेय सालिड वेस्ट मैनेजमेंट और आरआरसी से संबंधित जानकारी नहीं दे सके, जिस पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया।

 

इसके अलावा योजनाओं के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं देने पर एडीओ आईएसबी फूलचंद पांडेय को निलंबित करते हुए उनका वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए गए।

 

जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका की भी जांच की और सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को समय से कार्यालय पहुंचकर अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *