तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से ऑटो सवार तीन की मौत, तीन की हालत गंभीर

*तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से ऑटो सवार तीन की मौत, तीन की हालत गंभीर*

*************************

*संवाद: माता चरण पांडे*

जौनपुर / मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर सवारियों से भरे ऑटो रिक्शा को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑटो रिक्शा मुंगराबादशाहपुर की ओर सवारियां लेकर जा रहा था। जैसे ही वह सतहरिया पुलिया के पास पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे और सतहरिया चौकी इंचार्ज धनंजय राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों की मदद से ऑटो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया भेजा गया।

 

अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने सोहसा निवासी प्रमोद कुमार मिश्र (53), धौरहरा निवासी शिवशंकर शर्मा (53) और गंगापुर निवासी बरसाती (42) को मृत घोषित कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रमोद कुमार मिश्रा होमगार्ड की नौकरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करते थे उनके भतीजे की आज शादी भी थी, मौत की खबर मिलते ही शादी की सारी खुशियां मातम में बदल गई।

 

वहीं, हादसे में घायल प्रणव पाण्डेय और अजीत यादव की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी रेफर किया गया है, जबकि नंदापुर निवासी राकेश बिंद का इलाज जारी है।

 

पुलिस के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!