*रवि यादव एनकाउंटर प्रकरण: मानवाधिकार आयोग ने डीएम जौनपुर से मांगी रिपोर्ट*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। उत्तर प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग ने रवि यादव के कथित पुलिस एनकाउंटर मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी जौनपुर से विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की है। यह कार्रवाई इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता डॉ. गजेंद्र सिंह यादव द्वारा दायर शिकायत के आधार पर की गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रवि यादव की पुलिस मुठभेड़ को लेकर परिजनों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न समाचार माध्यमों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों ने घटना को कथित फर्जी एनकाउंटर बताते हुए दावा किया है कि रवि यादव को जीवित गिरफ्तार किया जा सकता था। साथ ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में जल्दबाजी किए जाने और परिवार को पर्याप्त अवसर न दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
आयोग ने अपने आदेश में कहा है कि लगाए गए आरोपों की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच आवश्यक है। आयोग ने जिलाधिकारी को 8 जुलाई 2026 तक जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई 9 जुलाई 2026 को निर्धारित की गई है।
अधिवक्ता डॉ. गजेंद्र सिंह यादव ने आयोग की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि मानवाधिकारों की रक्षा तथा कानून के शासन में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए निष्पक्ष, स्वतंत्र और समयबद्ध जांच बेहद जरूरी है।
