कोइरीपुर चौकी के पास लगे ट्रांसफार्मर में भीषण आग, जिम्मेदार अधिकारी रहे नदारद
शुभम कौशल
कोइरीपुर (सुल्तानपुर)। नगर पंचायत कोइरीपुर के आर्यनगर मोहल्ले में पुलिस चौकी के समीप लगे विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पावर हाउस को सूचना दी, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। समय रहते बिजली काटे जाने से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन घटना के दौरान कोई जिम्मेदार विद्युत अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक लोड की समस्या बनी हुई है। शिकायत करने पर विभागीय अधिकारी हर बार केवल “लोड अधिक है” कहकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेते हैं। लोगों का कहना है कि उपभोक्ताओं की संख्या और बिजली की मांग लगातार बढ़ने के बावजूद आज तक ट्रांसफार्मर की क्षमता नहीं बढ़ाई गई।
क्षेत्रवासियों ने यह भी सवाल उठाया कि जब बिजली उपभोग बढ़ने के साथ उपभोक्ताओं के बिलों में बढ़ोतरी हो रही है, तो फिर ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने और विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि ट्रांसफार्मर की क्षमता तत्काल बढ़ाई जाए, घटना की जांच कराई जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
