*बदलापुर नगर पंचायत बोर्ड बैठक में 39 करोड़ के बजट को मंजूरी*
********************
*संबाद: अजय पांडे*
बदलापुर (जौनपुर), सोमवार। नगर पंचायत सभागार में अध्यक्ष सीमा सिंह की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक आयोजित की गई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सर्वसम्मति से 39 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में नगर की सीमाओं पर स्वागत द्वार स्थापित करने और उनके नामकरण महाराणा प्रताप, भगवान परशुराम, अशोक सम्राट तथा एपीजे अब्दुल कलाम के नाम पर किए जाने का प्रस्ताव पारित हुआ। साथ ही इंदिरा चौक से जुड़ी चार सड़कों का नामकरण सल्तनत बहादुर, महाराणा प्रताप, परशुराम और आंबेडकर मार्ग के रूप में करने तथा संबंधित बोर्ड लगाने पर भी सभासदों ने सहमति जताई।
इसके अतिरिक्त वार्डों में सार्वजनिक स्थलों पर बैठने के लिए बेंच लगाने, सभासदों के नाम और फोटो सहित बोर्ड स्थापित करने, सड़कों पर प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु स्काई लिफ्टर की व्यवस्था, तथा 400 और 250 केवीए के मोबाइल ट्रांसफार्मर खरीदने के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में उपस्थित विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि नगर पंचायतों के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और सभी प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। वहीं अध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा कि सभी वार्डों का समग्र विकास उनकी पहली प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम का स्वागत अधिशासी अधिकारी अलका मौर्या ने किया, जबकि संचालन वरिष्ठ लिपिक प्रवेश कुमार सिंह द्वारा किया गया।
