सिगरामऊ जमऊपट्टी में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन, गर्मी से संबंधित बीमारियां बढी

*सिगरामऊ जमऊपट्टी में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन, गर्मी से संबंधित बीमारियां बढी*

********************

*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*

जौनपुर। जिले के सिंगरामऊ और जमऊपट्टी में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। प्रदेश सरकार की पहल पर आयोजित इन मेलों में कुल 90 मरीजों का उपचार किया गया, जिनमें से अकेले सिंगरामऊ में 82 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

 

सिंगरामऊ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक वर्मा के कक्ष में मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली। डॉ. वर्मा ने बताया कि वृद्धों और छोटे बच्चों के साथ आए मरीजों को प्राथमिकता देते हुए पहले उपचार उपलब्ध कराया गया। महिला चिकित्सकों की कमी के कारण उस दिन केवल डॉ. श्रुति पांडे मौजूद रहीं। उनके साथ फार्मासिस्ट श्रीराम यादव और उनकी टीम ने मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं।

 

वहीं, जमऊपट्टी में आयोजित मेले में डॉ. सुशील यादव, डॉ. मनीष मौर्य और वार्ड बॉय मोने अली की देखरेख में 8 मरीजों का इलाज किया गया।

 

डॉ. अभिषेक प्रजापति ने बताया कि मौसम में अचानक बदलाव और खानपान में लापरवाही के चलते मौसमी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। इन दिनों पेट संक्रमण, डायरिया, हीट स्ट्रोक, सिरदर्द, घबराहट, बेचैनी, गला सूखना, तेज बुखार और दिमागी बुखार के मरीज अधिक संख्या में सामने आ रहे हैं। सभी मरीजों का समुचित उपचार किया जा रहा है।

 

डॉ. सुशील यादव ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में तले-भुने और मसालेदार भोजन से परहेज करें तथा अधिक मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन करें। पर्याप्त पानी पीना जरूरी है और तेज धूप में निकलते समय सिर को गमछे या हेलमेट से ढककर रखें, ताकि लू से बचाव हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि शादी-विवाह के इस मौसम में अधिक तेल-मसाले वाले भोजन के सेवन से पेट संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं।

 

मेले में आए लोगों ने सरकार की इस पहल की सराहना की। छुट्टियों के दिन भी स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं से लोग संतुष्ट नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *