बाबूगंज बाजार में संदिग्ध हालत में युवक का शव मिला, हादसे की आशंका; जांच जारी

*बाबूगंज बाजार में संदिग्ध हालत में युवक का शव मिला, हादसे की आशंका; जांच जारी*

********************

*संवाद: माता चरण पांडे*

प्रयागराज। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के इफको पुलिस चौकी अंतर्गत बाबूगंज बाजार में रविवार भोर एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में सड़क पर मिला। युवक के शरीर से काफी खून बह रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का बताया जा रहा है, हालांकि परिस्थितियां कई सवाल खड़े कर रही हैं।

 

मृतक की पहचान जौनपुर जिले के मछलीशहर थाना क्षेत्र के गोहका गांव निवासी 30 वर्षीय सुरेंद्र गौतम पुत्र अमृतलाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सुरेंद्र मुंबई में रहकर निजी नौकरी करते थे और पिछले पांच महीनों से वहीं रह रहे थे। 20 फरवरी को वह मुंबई से अपने घर जौनपुर के लिए ट्रेन से रवाना हुए थे।

 

परिजनों ने बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजे सुरेंद्र ने फोन पर बताया था कि वह प्रयागराज के सिविल लाइंस बस अड्डे से जौनपुर जाने के लिए बस से निकल रहे हैं। देर रात करीब 2:30 बजे जब उनकी पत्नी प्रीति ने कॉल किया तो दुर्घटना की सूचना मिली। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

 

पुलिस के अनुसार सुरेंद्र के पास दो बैग थे। इनमें से एक बैग रोडवेज बस में मिला है। मृतक की जेब से मोबाइल फोन, 700 रुपये नकद और ट्रेन का टिकट बरामद हुआ है। शेष नाथ पाल (इंस्पेक्टर, फूलपुर) ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत होता है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

 

हालांकि, घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। यदि यह महज सड़क हादसा था तो युवक का एक बैग रोडवेज बस में कैसे मिला? क्या वह बस से उतरा था या किसी ने उसे उतारा? रात 11 बजे सिविल लाइंस बस अड्डे से जौनपुर के लिए निकलने की बात कहने के बाद वह बाबूगंज बाजार तक कैसे पहुंचा? इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!