*प्रतापगढ़ ढखवा नगर पंचायत में 2.64 करोड़ के भुगतान पर सवाल, जांच की मांग तेज*
*पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह का आरोप बिना कार्य कराए निकाली गई करोड़ों की धनराशि*
अनिल मिश्र 
प्रतापगढ़। नगर पंचायत ढखवा में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह ने करोड़ों रुपये के भुगतान पर गंभीर सवाल उठाते हुए जिलाधिकारी को पत्र भेजकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पंचायत के खाते से अलग-अलग तिथियों में बड़ी धनराशि निकाले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इन निकासियों के एवज में न तो कोई कार्य कराया गया और न ही किसी प्रकार की सामग्री का सत्यापन उपलब्ध है। बताया जा रहा है कि 28 फरवरी 2026 को ही करीब 20.77 लाख रुपये की निकासी की गई, जबकि 7 मार्च को कई किश्तों में लाखों रुपये खाते से निकाले गए। इसके अलावा 9 लाख से लेकर 14 लाख रुपये तक के कई भुगतान भी सूची में दर्ज बताए जा रहे हैं। मार्च माह के अन्य दिनों और अप्रैल में भी लगातार निकासी होने का उल्लेख किया गया है। कुल मिलाकर करीब 2.64 करोड़ रुपये के भुगतान को संदिग्ध बताते हुए मामले में पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए गए हैं। पत्र में यह भी कहा गया है कि इतनी बड़ी धनराशि खर्च होने के बावजूद उसका कोई स्पष्ट लेखा-जोखा या भौतिक सत्यापन नहीं होना गंभीर अनियमितता की ओर इशारा करता है। पूर्व मंत्री ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए भ्रष्टाचार निवारण संगठन से जांच कराने की संस्तुति की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
